रांची , अगस्त 09 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के झारखंड प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने प्रेस बयान जारी कर कहा है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जेपीएससी/जेएसएससी पेपर लीक को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन के साथ पूरी तरह खड़ी है।

श्री पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्र आंदोलन के कंधे पर सवार होकर राजनीति कर रही है। भाजपा को छात्रों से कोई लेना-देना नहीं है। देश में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को छात्रों के दबाव में झुककर इस्तीफा देना पड़ा था। उसी की खुन्नस और बदले की भावना से भाजपा अब छात्रों के कंधे पर सवार होकर राजनीति कर रही है।

श्री पाठक ने कहा कि जेपीएससी के सवाल पर भारतीय जनता पार्टी भी कोई दूध की धुली हुई नहीं है। भाजपा के कार्यकाल में भी लगातार पेपर लीक और छात्रों का शोषण हुआ है। छात्र आंदोलन की आड़ में भाजपा दिल्ली के आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

भाकपा प्रदेश सचिव ने झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब पहल करते हुए समस्या के समाधान के लिए कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वार्ता और समझौता कर छात्रों के आंदोलन को समाप्त कराएं और भाजपा को आंदोलन और राजनीति का मौका न दें।

सीबीआई और सीआईडी की जगह वर्तमान जजों की कमेटी के द्वारा न्यायिक जांच कराकर "दूध का दूध, पानी का पानी" कर दिया जाए। इसी में झारखंड और झारखंड के छात्रों की भलाई है। भाजपा घड़ियाली आंसू बहाकर छात्रों को धोखा दे रही है।

श्री पाठक ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम एवं विधानसभा मार्च तक छात्रों के साथ है।

एआईएसएफ, एआईवाईएफ एवं अन्य वामपंथी छात्र संगठनों के द्वारा आहूत झारखंड बंद को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूर्ण समर्थन करती है। कल स्टूडेंट फेडरेशन की ओर से विधानसभा घेराव को भी भाकपा समर्थन करते हुए सड़कों पर उतरकर छात्रों के आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित