कपूरथला , जुलाई 31 -- पंजाब में कपूरथला जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सभी स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिये हैं।

प्रशासन ने स्कूल परिसर के बाहर सड़क पर छात्रों को बसों में चढ़ाने और उतारने की प्रथा पर गंभीर चिंता जताते हुए नौ निजी स्कूलों को चेतावनी जारी की है।

चेतावनी पाने वाले स्कूलों में क्राइस्ट द किंग कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एमजीएन पब्लिक स्कूल, बावा लालवानी पब्लिक स्कूल, जीटीबी स्कूल, प्रीता ली लेसन स्कूल, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, परमजोत स्कूल, श्री हरकृष्ण स्कूल और आनंद पब्लिक स्कूल शामिल हैं।

उपायुक्त आकाश बंसल ने शुक्रवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पहले दिये गये निर्देशों के बावजूद कई स्कूल बसें छात्रों को स्कूल परिसर के भीतर लाने के बजाय सार्वजनिक सड़कों पर खड़ी कर रही थीं, जहां छात्र बसों में चढ़ते और उतरते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाती है। इसके अलावा, इससे यातायात जाम की समस्या भी उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्कूल यह सुनिश्चित करें कि छात्रों को बसों में चढ़ाने और उतारने की प्रक्रिया केवल स्कूल परिसर के अंदर ही हो। सार्वजनिक सड़कों का उपयोग पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट के रूप में किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। यदि भविष्य में किसी भी स्कूल द्वारा लापरवाही बरती गयी तो उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) हरकरम सिंह ने भी कहा कि स्कूल वाहनों द्वारा नियमों का उल्लंघन किये जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित