नयी दिल्ली , अगस्त 16 -- नेता विपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से 'छात्रों की गूंज' के अगले कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 22 अगस्त को महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित होगा और इस बार कार्यक्रम विशेष रूप से छात्राओं के लिए होगा।

श्री राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं ने मोदी सरकार के शासन के सामने जिस साहस और मजबूती के साथ खड़े होकर जवाबदेही की मांग की, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने शांति, मोहब्बत और हंसी-मजाक के साथ अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने छात्राओं का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं की कथित बदसलूकी, गाली-गलौज और हिंसा का सामना करना पड़ा, यहां तक कि उन्हें प्रधानमंत्री से माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। श्री राहुल गांधी ने कहा कि अब युवाओं की आवाज दबाई नहीं जा सकेगी। उन्होंने कहा, "22 अगस्त को 'छात्रों की गूंज' पुणे पहुंच रही है और इस बार का कार्यक्रम सिर्फ लड़कियों के लिए होगा। अब लड़कियां बोलेंगी, देश सुनेगा।"उल्लेखनीय है कि 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत राहुल गांधी लगातार छात्रों से सीधा संवाद कर रहे हैं। पुणे कार्यक्रम से पहले वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, उत्तराखंड के देहरादून और राजस्थान के कोटा में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर चुके हैं। इन कार्यक्रमों में उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और मुद्दों को सुना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित