पटना , जुलाई 27 -- बिहार पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को बताया कि 25 जुलाई को राज्यभर में हुए छात्र प्रदर्शनों के दौरान कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति को देखते हुए 694 लोगों को हिरासत में लिया गया और इस दौरान 91 पुलिसकर्मी घायल हुए।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, हिंसक घटनाओं में कथित रूप से शामिल 355 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है, जबकि सत्यापन के बाद नाबालिगों और छात्रों सहित 339 लोगों को रिहा कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हिंसा के दौरान 91 पुलिस अधिकारी एवं जवान घायल हुए। घायलों में सीवान और सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी), दो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) तथा कई थाना प्रभारी (एसएचओ) शामिल हैं। इस दौरान गांधी मैदान थाना प्रभारी को गंभीर चोटें आई हैं।
बिहार पुलिस की ओर से कहा गया है कि हिंसा के दौरान 14 सरकारी वाहनों को क्षति पहुंची, जबकि एक वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा 13 नागरिक भी घायल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित