उज्जैन , मई 5 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित सम्राट विक्रम विश्वविद्यालय में चल रही परीक्षा के दौरान एक छात्रा के स्थान पर दूसरी युवती के परीक्षा देते पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय के वाघ देवी भवन स्थित परीक्षा केंद्र पर 4 मई 2026 को बी.कॉम षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षा (सुबह 08:00 से 11:00 बजे) के दौरान कक्ष क्रमांक ए-1 में वास्तविक परीक्षार्थी सपना भदौरिया के स्थान पर एक अन्य युवती परीक्षा दे रही थी। कक्ष निरीक्षक ने संदेह होने पर उसे तत्काल रोककर केंद्राध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विशाखा माहेश्वरी (23) निवासी इंदौर बताया, जो संबंधित परीक्षा की नियमित छात्रा नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला प्रतिरूपण और धोखाधड़ी का पाया गया। केंद्राध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र कुमार भारल की शिकायत पर माधवनगर थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित