खरगोन , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में मंडलेश्वर से 14 वर्षीय स्कूली छात्रा का कथित अपहरण कर उसे महेश्वर के एक होटल में ले जाने और छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बड़वाह निवासी सलाम शाह, जो पेंटर का काम करता है, और आवेश शाह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर की है। कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा स्कूल जा रही थी, तभी स्कूल के पास दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और महेश्वर के एक होटल में ले गए।

आरोप है कि होटल में सलाम शाह ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी ने उसे धमकाया और चुप रहने को कहा। बाद में दोनों उसे मंडलेश्वर वापस छोड़कर फरार हो गए। घर पहुंचने पर छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने 24 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अगले दिन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है और होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित