कानपुर , अप्रैल 8 -- कानपुर में जनता दर्शन के दौरान एक छात्रा की मोतियों जैसी सुंदर लिखावट चर्चा का विषय बन गई। कक्षा दस की छात्रा शिवानी द्वारा लिखे गए आवेदन पत्र को देखकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह भी क्षण भर के लिए ठिठक गए। दरअसल, नरवल क्षेत्र के रामसजीवन अपनी समस्या लेकर जनता दर्शन में पहुंचे थे। उनके साथ लाया गया आवेदन पत्र इतना साफ, संतुलित और आकर्षक था कि पहली नजर में वह कंप्यूटर से टाइप किया हुआ प्रतीत हुआ। पास से देखने पर पता चला कि आवेदन हस्तलिखित है।
जिलाधिकारी ने जब आवेदन की सराहना की और इसके लेखक के बारे में पूछा तो रामसजीवन ने बताया कि यह उनकी पोती शिवानी ने लिखा है। इस पर जिलाधिकारी ने छात्रा की लिखावट की प्रशंसा करते हुए इसे अत्यंत उत्कृष्ट बताया। इस दौरान एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा के माध्यम से पेड़ों के विवाद से जुड़े मामले का मौके पर ही समाधान भी कराया गया।
बुधवार को जिलाधिकारी ने छात्रा शिवानी को पेन सेट, पुस्तकें और स्कूल बैग भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा की कॉपियों का अवलोकन भी किया, जिनमें एक समान, सुसज्जित और सुंदर लिखावट देखकर उन्होंने उसकी विशेष सराहना की और उसे भविष्य में उच्च लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
शिवानी महर्षि दयानंद बब्बू लाल इंटर कॉलेज, उमरी नरवल की छात्रा हैं और हाल ही में कक्षा नौ उत्तीर्ण कर कक्षा दस में अध्ययनरत हैं। विशेष बात यह है कि उन्होंने कभी कैलियोग्राफी का कोई औपचारिक प्रशिक्षण नहीं लिया, फिर भी उनकी लिखावट अत्यंत आकर्षक है।
परिजनों के अनुसार शिवानी को बचपन से ही साफ-सुथरा और सुंदर लिखने की आदत है, जिसके चलते वह अक्सर दूसरों के लिए आवेदन पत्र भी लिखती हैं और उसकी लिखावट की सराहना होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित