भीलवाड़ा , फरवरी 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को अरिहंत अस्पताल में उपचार के दौरान एक छात्रा की मौत होने से गुस्साए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविना बलाई (18) प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार देर रात उसे अचानक पेट दर्द हुआ। सुबह एंबुलेंस से छात्रा को अरिहंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसे साढ़े सात बजे भर्ती कर लिया गया।

इस बीच, सूचना मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गये। तब तक छात्रा बातचीत कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद रविना की हालत बिगडऩे लगी। उसे आईसीयू में भेजा गया। दोपहर करीब दो बजे छात्रा ने दम तोड़ दिया। इसके चलते परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, जिससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। छात्रा के अन्य परिजन एवं समाज के लोग भी अस्पताल में जुट गये। ये लोग इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुये धरने पर बैठ गये।

पुलिस ने बताया कि हंगामा बढ़ता देखकर अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली थाने को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) सज्जन सिंह एवं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अस्पताल में जुटे लोग अस्पताल प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित