बड़वानी , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के पानसेमल क्षेत्र में शासकीय छात्रावास में नौवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा की मौत के मामले में विरोध प्रदर्शन के दौरान खेतिया-सेंधवा राजमार्ग करीब सात घंटे बाधित करने के आरोप में पुलिस ने 15 नामजद सहित 50 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पानसेमल थाना प्रभारी विजय रावत ने मंगलवार को बताया कि राजमार्ग बाधित कर यातायात, आम लोगों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही प्रभावित करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार शासकीय कन्या परिसर, टाकली के छात्रावास में कक्षा नौ की छात्रा निर्जला वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके परिजनों और स्थानीय आदिवासी संगठनों ने शनिवार और रविवार को विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, हत्या का प्रकरण दर्ज करने, दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग की थी।

प्रदर्शनकारियों के राजमार्ग पर बैठने से करीब सात घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश तथा विस्तृत जांच के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद छात्रावास अधीक्षक को हटा दिया गया।

श्री रावत ने बताया कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के बयान लिए जा चुके हैं, जबकि छात्रावास स्टाफ और मृतका के परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के अनुसार छात्रा की मृत्यु शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या करने से हुई थी। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित