अकोला , अगस्त 04 -- महाराष्ट्र में अकोला ज़िले के बालापुर पुलिस थाने में तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल को एक कॉलेज छात्रा को शादी का झूठा वादा करके धोखा देने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पवन वाडगवे ने छात्रा से शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये थे , लेकिन बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे छात्रा परेशान हो गयी और इसके बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की और कई दिनों तक ज़िंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल फ़रार हो गया था। पीड़िता के परिवार एवं स्थानीय लोगों ने बालापुर में विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी की तुरंत गिरफ़्तारी की मांग की। अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ़्तार करने का निर्देश दिया। निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया।
मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित