पौड़ी , मई 27 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न बालिका एवं बालक छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा छात्रावासों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, भोजन, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया था। निरीक्षण के दौरान बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश जिला समाज कल्याण विभाग को दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

शिविर के दौरान चिकित्सकीय दल ने बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में वजन, रक्तचाप, शरीर का तापमान, आंखों और त्वचा संबंधी परीक्षण सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार तथा नियमित दिनचर्या अपनाने के बारे में भी जानकारी दी गई।

चिकित्सकों ने बच्चों को समय पर भोजन करने, पर्याप्त पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्रावास अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।

विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर बालिका छात्रावासों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। चिकित्सकीय दल ने मासिक धर्म से जुड़े भ्रम और संकोच को दूर करने का संदेश देते हुए बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए तथा उनके सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रावासों में निवासरत बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित