मुरैना , अगस्त 15 -- मध्य प्रदेश के मुरेना स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्रयोगशाला सहायक आशीष दोनेरिया को विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं से अश्लील हरकत करने ओर उनके कपड़ों पर भद्दी - भद्दी टिप्पणियां करना और उन्हें गलत नजरों से देखने के कथित आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शिक्षा अधिकारी बीएस इंदौलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उक्त प्रयोगशाला सहायक के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार छात्राओं ने प्रयोगशाला सहायक पर उनको गलत नजरों से देखना, उनसे अश्लील हरकत करना ओर उनके पहनावे पर भद्दी भद्दी टिप्पणियां करने के गंभीर आरोप लगाए थे।

बताया गया है कि छात्राओं ने इस संबंध में पहले विद्यालय के प्राचार्य से लिखित शिकायत की थी लेकिन प्राचार्य ने उक्त प्रयोगशाला सहायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने पर वे अपने परिजनों के साथ प्रयोगशाला सहायक पर मामला दर्ज कराने मुरैना पुलिस कोतवाली भी पहुंची थी। पुलिस के अनुसार छात्राओं की शिकायत की जाच करने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिंदूवादी संगठन छात्राओं के समर्थन में आगे आये ओर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर प्रयोगशाला सहायक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदौलिया ने सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद प्रयोगशाला सहायक आशीष दिनरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।श्री इंदौलिया का कहना हैं कि उक्त कथित दुराचारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित