भरतपुर , अगस्त 25 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में किला स्थित एक कन्या छात्रावास की छात्राओं पर फब्तियां कसकर अभद्र और अमर्यादित व्यवहार करने वाला युवक लम्बे समय बाद मंगलवार को पुलिस के चंगुल में फंस ही गया।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि युवक की पहचान कृष्ण कुमार अग्रवाल के रूप में हुई है। इस आरोपी को पकड़ने के लिये पुलिस का दल कई दिनों से तलाश कर रहा था। वह दल को देख मौके से रफूचक्कर हो जाता था।
पुलिस ने बताया कि आज एक महिला कांस्टेबल को सादा वस्त्रों में छात्रावास की छात्राओं के साथ खड़ा किया गया। जैसे ही वहां उक्त युवक आया और उसने फब्तियां कसना शुरु किया, महिला कांस्टेबल ने उसे दबोच लिया और मथुरागेट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित