बेमेतरा , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के शासकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान कॉलेज के प्रोफेसर जेपी राणा पर छात्राओं ने कथित रूप से अश्लील संदेश भेजने और आपत्तिजनक बातचीत करने का आरोप लगाया है।
इस मामले को लेकर छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिसकी जानकारी बुधवार को मीडिया को उस वक्त हुई जब इस पूरे विवाद के बीच प्रोफेसर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया ।
छात्राओं के अनुसार प्रोफेसर राणा ने देर रात कई छात्राओं को वॉट्सऐप कॉल किए और कॉल नहीं उठाने पर पैसे देकर अपने पास बुलाने संबंधी संदेश भेजे। एक छात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा, "ज्योति प्रभात राणा सर ने मुझे अश्लील मैसेज भेजे। लिखा- 'पैसे दूंगा तो क्या मेरे पास आओगी?' आधी रात उन्होंने गंदी बातें कीं। लड़कियों को पैसे से तोल रहे हैं।"छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर ने एक अन्य संदेश में लिखा, "50 हजार में महिला प्रोफेसर आ जाती, तुम आ जाओ।" छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय में दी शिकायत के साथ वॉट्सऐप कॉल और संदेशों के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों के मुताबिक मामले की शिकायत सबसे पहले कॉलेज की प्रिंसिपल वीणा त्रिपाठी से की गई थी। उनका आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने प्रकरण को कॉलेज स्तर पर ही सुलझाने की बात कही और तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। इससे असंतुष्ट छात्र-छात्राएं बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
कल मामले को लेकर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना दिया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रिंसिपल पर मामला दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि संबंधित प्रोफेसर इस्तीफा दे चुके हैं तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। छात्रों ने इस्तीफे की प्रति दिखाने की भी मांग की। कई घंटे चले प्रदर्शन के बाद प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को प्रोफेसर का इस्तीफा पत्र दिखाया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रोफेसर का इस्तीफा स्वीकार किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रोफेसर राणा कॉलेज के राजनीतिक विज्ञान विभाग में करीब तीन साल से पदस्थ थे। हालांकि प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी मांग केवल इस्तीफे तक सीमित नहीं है और आरोपों की निष्पक्ष जांच कर संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित