पलवल , जून 01 -- हरियाणा के पलवल में सोमवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस द्वारा बस स्टॉप पर खड़ी छात्राओं और अन्य यात्रियों को बिना बैठाये आगे निकल जाने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलने पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस का पीछा कर उसे रुकवाया।
जानकारी के अनुसार, कॉलेजों की छुट्टी के बाद कई छात्राएं पलवल-बड़ौली मार्ग स्थित बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रही थीं। दोपहर बाद करीब दो बजे हसनपुर से पलवल जा रही रोडवेज बस वहां पहुंची, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और आगे बढ़ गया।
सूचना मिलने पर मंत्री गौरव गौतम ने अपना काफिला रुकवाकर बस का पीछा किया। कुछ दूरी पर बस को रुकवाने के बाद उन्होंने चालक से यात्रियों को छोड़कर जाने का कारण पूछा और नाराजगी जताई। उन्होंने बस को तुरंत वापस बस स्टॉप पर ले जाने तथा सभी छात्राओं, महिलाओं और अन्य यात्रियों को बैठाकर गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिये।
मंत्री के आदेश के बाद बस वापस बस स्टॉप पर पहुंची, जहां इंतजार कर रहे यात्रियों को बस में बैठाया गया। इसके बाद बस पलवल के लिए रवाना हुई।
उन्होंने कहा कि रोडवेज बसों से संबंधित ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत परिवहन मंत्री अनिल विज से की जाएगी तथा संबंधित चालक और परिचालक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भी की जाएगी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंत्री बस चालक से बातचीत करते और उसे निर्देश देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित