जालौन , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में बुधवार को परिवहन विभाग ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा और सड़क सुरक्षा को लेकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार तथा यात्रीकर/मालकर अधिकारी आनंद राय कुरिल के नेतृत्व में विद्यालयी, यात्री एवं अन्य वाहनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने परिवहन नियमों एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर तीन स्कूली वाहनों को नियमानुसार निरुद्ध कर संबंधित थानों में खड़ा कराया। इसके अलावा अन्य वाहनों के चालान किए गए। वहीं यात्रीकर/मालकर अधिकारी आनंद राय कुरिल ने स्कूली वाहनों समेत छह वाहनों के विरुद्ध अनधिकृत संचालन पाए जाने पर प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए चालान किए।

परिवहन विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया है कि विद्यालयी वाहनों का संचालन सभी वैध प्रपत्रों के साथ किया जाए। वाहनों में पंजीयन प्रमाणपत्र में स्वीकृत सीट क्षमता के अनुसार ही विद्यार्थियों को बैठाया जाए। वाहन और चालक का फिट होना भी अनिवार्य है।

विभाग ने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा के लिए छात्राओं को लाने-ले जाने वाले प्रत्येक विद्यालयी वाहन में प्रशिक्षित महिला परिचर/सहायक की तैनाती अनिवार्य की है। महिला परिचर का पुलिस सत्यापन कराने के साथ उसका पूरा विवरण विद्यालय अभिलेखों में सुरक्षित रखना होगा। अंतिम छात्रा के वाहन से उतरने तक महिला परिचर का वाहन में रहना अनिवार्य होगा। उल्लंघन मिलने पर वाहन के साथ विद्यालय प्रबंधन व प्रधानाचार्य के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित