पंचकूला , अगस्त 01 -- छात्राओं की लगातार बढ़ती संख्या और कक्षा-कक्षों की कमी को देखते हुए पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला में सोमवार से दोहरी पाली में कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
यह निर्णय हरियाणा शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार लिया गया है।
विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक में सर्वसम्मति से दोहरी पाली लागू करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी संध्या छिकारा और खंड शिक्षा अधिकारी (पिंजौर) कर्मवीर शर्मा ने विद्यालय की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम ने बताया कि विभाग के निर्देशों के अनुसार जिन विद्यालयों में भवन और कक्षा-कक्ष पर्याप्त नहीं हैं, वहां शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए दोहरी पाली लागू की जा सकती है।
एसएमसी प्रभारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता जयबीर सिंह रंगा ने बताया कि छात्राओं की संख्या में लगातार वृद्धि के कारण सभी कक्षाओं का संचालन एक ही पाली में संभव नहीं था। नई व्यवस्था के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं की कक्षाएं पहली पाली में तथा कक्षा 6वीं से 8वीं तक की छात्राओं की कक्षाएं दूसरी पाली में संचालित होंगी।
गर्मी के मौसम में पहली पाली सुबह सात बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 12:45 बजे से शाम 6:15 बजे तक चलेगी। सर्दियों में पहली पाली सुबह 7:55 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:40 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से नई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य छात्राओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई को सुचारु बनाए रखना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित