अलवर , अगस्त 07 -- राजस्थान में अलवर में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में भारतीय विकास परिषद् और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी की और सरकार से जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग उठायी।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बंद होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए प्रभावी प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। छात्रों ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनावों की घोषणा की जाये।
प्रदर्शनकारियों ने केवल छात्रसंघ चुनाव ही नहीं, बल्कि कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी आवाज बुलंद की। छात्रों ने कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग रखी।
छात्र नेता विजय यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के कार्यकाल में छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगा दी गयी थी। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को अपना लोकतांत्रिक प्रतिनिधि चुनने का अधिकार देते हैं और चुनाव नहीं होने से छात्रों की आवाज प्रभावी तरीके से प्रशासन और सरकार तक नहीं पहुंच पा रही है।
छात्र नेताओं ने वर्तमान सरकार से छात्रसंघ चुनावों पर लगी रोक समाप्त कर शीघ्र चुनाव कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सरकार ने जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किये तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित