बैतूल , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में छात्रवृत्ति भुगतान में देरी और पोर्टल की तकनीकी समस्या को लेकर छात्रों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
जानकारी के अनुसार, जयवंती हक्सर महाविद्यालय के बीएससी चतुर्थ वर्ष और एमएससी के विद्यार्थियों ने सोमवार को हुए इस प्रदर्शन में भाग लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नगर सहमंत्री ने किया।
विद्यार्थियों ने ज्ञापन में कहा कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए बीएससी चतुर्थ वर्ष के पात्र छात्रों को अब तक छात्रवृत्ति राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसके अलावा एमएससी के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल सक्रिय नहीं किया गया है, जिसके कारण वे आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि पोर्टल बंद रहने से आवेदन में देरी हो रही है और इससे उनकी पढ़ाई व आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
एबीवीपी प्रतिनिधियों ने प्रशासन से संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर छात्रवृत्ति भुगतान प्रक्रिया शुरू कराने और एमएससी के लिए पोर्टल शीघ्र चालू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का निराकरण जल्द नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस संबंध में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने कहा कि सत्र 2024-25 में स्नातक चतुर्थ वर्ष में प्रवेशित विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति से संबंधित कार्रवाई शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है और महाविद्यालय स्तर पर कोई प्रकरण लंबित नहीं है। उन्होंने बताया कि स्नातक चतुर्थ वर्ष की छात्रवृत्ति प्राप्त होने के बाद ही विद्यार्थी स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित