गोपालगंज,29अगस्त(वार्ता)राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत जिला स्तर पर गठित गंगा सुरक्षा समिति की बैठक शनिवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नदियों एवं जलस्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने तथा जल प्रदूषण की रोकथाम से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में विशेष रूप से गोपालगंज शहर से होकर गुजरने वाली छाड़ी नदी की स्थिति पर चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी ने छाड़ी नदी के किनारे एवं नदी क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए इसे अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना आवश्यक है। नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण जल प्रवाह को प्रभावित करने के साथ-साथ जलजमाव और बाढ़ जैसी समस्याओं को भी बढ़ा सकता है।

जिला पदाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, गोपालगंज को छाड़ी नदी की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नदी में जमा कचरे, गाद एवं अन्य अवरोधों को हटाने तथा जल प्रवाह को सुचारू बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने पर भी बल दिया।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी में कचरा एवं गंदा पानी गिरने से रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन के इस निर्देश से शहर के बीच से गुजरने वाली छाड़ी नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद बढ़ी है। नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने और नियमित साफ-सफाई से न केवल इसके प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, बल्कि शहर में जल निकासी एवं पर्यावरणीय संतुलन को भी बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित