फगवाड़ा , सितंबर 01 -- पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर )-2026 के तहत पात्र मतदाताओं को चुनाव संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए छह सितंबर को पंजाब सहित कपूरथला जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के अनुसार सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर लोगों को चुनाव संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को यहां जारी बयान अनुसार शिविरों के दौरान पात्र नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों और घोषणाओं के साथ फॉर्म-6, फॉर्म-6ए और फॉर्म-8 भरने में सहायता दी जाएगी। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से मतदाता सूची में शामिल कराने परजोर रहेगा, ताकि कोई भी पात्र पहली बार का मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं को भी सुविधा प्रदान की जाएगी। बीएलओ उन्हें मतदाता सूची में दिव्यांग स्थिति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में सहायता करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे छह सितंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठायें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने अथवा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित