राजनांदगांव , अक्टूबर 27 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर को ग्राम मेढ़ा में हुई। यहां छह वर्षीय बच्चा पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही चेतन कंवर नामक व्यक्ति ने कथित पुरानी रंजिश के चलते बच्चे के साथ गाली-गलौज की और उसे उठाकर बिजली के खंभे से जुड़े तार पर पटक दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के संबंध में बच्चे के पिता चेतन कुमार चंद्रवंशी ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने बच्चे को जान से मारने की नीयत से हमला किया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना डोंगरगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 और 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित