चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- पंजाब में जीरकपुर के पीरमुछल्ला के चिनार होम्स में 11 से 20 अक्टूबर तक पांचवीं महिला रामलीला का आयोजन किया जाएगा। 'जड़ों से जुड़ो' संस्था की ओर से आयोजित इस रामलीला में महीने की बालिका से लेकर 83 साल की दादी तक 108 से अधिक महिलाएं रामायण के विभिन्न पात्रों को मंच पर जीवंत करेंगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसका उद्घाटन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार 2022 में शुरू हुई यह पहल अब पांचवें मंचन तक पहुंच गई है। इस बार रामलीला में कृत्रिम बुत्रिमत्ता (एआई), डिजिटल तकनीक, आधुनिक प्रकाश, ध्वनि और विशेष डिजिटल इफेक्ट का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक रामलीला को आधुनिक तकनीक से जोड़कर नयी पीढ़ी तक रामायण का संदेश पहुंचाना है।
मंच पर छात्राओं, गृहिणियों, शिक्षकों, चार्टर्ड एकाउंटेंट, वकीलों, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पेशेवर, व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, नौकरीपेशा और सेवानिवृत्त महिलाओं के साथ दिव्यांग बेटियों और एसिड अटैक सर्वाइवर्स को भी अवसर दिया गया है। आयोजकों का कहना है कि प्रस्तुति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समावेश का संदेश दिया जाएगा।
रामलीला में मानसिक स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों को भी उठाया जाएगा। बधिर दर्शकों के लिए साइन लैंग्वेज विशेषज्ञों की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों को डिजिटल और टीवी प्लेटफॉर्म के माध्यम से 40 से 50 करोड़लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है। रामलीला रोजाना रात आठ से 11 बजे तक आयोजित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित