नयी दिल्ली , जून 06 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को कहा है कि छह जून सिख इतिहास के सबसे दुखद और पीड़ादायक दिनों में से एक है, क्योंकि यह दिन श्री अकाल तख्त साहिब पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई की याद दिलाता है।

शनिवार को जारी एक बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि उस दौर की घटनाओं ने सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं और सामूहिक चेतना पर गहरे घाव छोड़े हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय इस दिन को श्रद्धा और गंभीरता के साथ याद करता है तथा उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है, जिन्होंने उस त्रासदीपूर्ण कालखंड में अपने प्राण गंवाये।

नयी दिल्ली प्रवास के दौरान श्री ढिल्लों ने गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में माथा टेका और गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर समूची मानवता के लिए शांति, सद्भाव और समृद्धि की अरदास की। उन्होंने विश्वभर में सिख समुदाय की चढ़दी कला, सिख पंथ की निरंतर प्रगति तथा मानव कल्याण के लिए भी प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं की शिक्षाएं समाज को सत्य, न्याय, सेवा और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों का अपने इतिहास से जुड़ा रहना और पूर्वजों के बलिदानों से प्रेरणा लेना अत्यंत आवश्यक है। पंजाब और सिख समुदाय के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास को याद रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि समाज को इतिहास से सीख लेते हुए भाईचारे, शांति और आपसी सम्मान के मूल्यों को मजबूत करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित