चंडीगढ़ , अक्टूबर 03 -- चंडीगढ़ में इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों की ओर से 6 अक्टूबर को 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकाला जाएगा। चंडीगढ़ कांग्रेस के नेतृत्व में यह मार्च सेक्टर-17 से जिला उपायुक्त कार्यालय तक निकलेगा। मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की करेंगे। इसमें कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

मार्च के दौरान चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची की शुचिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। मार्च में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' का संदेश दिया जाएगा।

एच.एस. लक्की ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत जनता के वोट और उसके संवैधानिक अधिकार में निहित है। यदि मताधिकार या चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठते हैं तो लोकतांत्रिक दलों का दायित्व है कि वे जनता की आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर का मार्च इंडिया गठबंधन के सहभागी दलों का संयुक्त कार्यक्रम है।

मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, ब्लॉक स्तर के नेता, फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा गठबंधन के सहभागी दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित