भरतपुर , मार्च 13 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक छप्परपोश घर में आग लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शेरगढ़ गांव में रात में भगवान सिंह गुर्जर (50) अपने घर चारपाई पर सो रहे थे। अचानक घर में बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से छप्परपोश घर में आग लग गयी। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। आग की लपटें कुछ कम होने पर लोग कंबल और रजाइयों को गीला करके अंदर घुसे और भगवान सिंह को बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि भगवान सिंह को तुरंत बयाना उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय मृतक की पत्नी कुंती करीब 15 फुट दूर दूसरे छप्परपोश में एवं दो बेटे चंद्रभान और हरकेश और पुत्रवधु पास ही बने पक्के मकान में सो रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित