ग्रेटर नोएडा , जुलाई 03 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया और औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से जिलाधिकारी के समक्ष रखा।

जिलाधिकारी ने आज बैठक एवं समस्या निवारण के संबंध जानकारी साझा करते हुए बताया कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक गतिविधियों और व्यापारिक संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा कराए जा रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य में हो रही देरी को प्रमुख मुद्दा बताया। इसके अलावा पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की स्थायी उपलब्धता तथा नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-4 से संबंधित विभिन्न समस्याओं को भी उठाया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज कार्य की समीक्षा के दौरान एनएचएआई के संबंधित ठेकेदार की बैठक में अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले से शासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत कराया जाए, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके और औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव जैसी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो।

बैठक में नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-4 से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नोएडा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे उद्योगों के संचालन में आ रही दिक्कतों को दूर किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के औद्योगिक क्षेत्रों का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सुचारु संचालन के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। साथ ही उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उप कलेक्टर विवेक भदोरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी विभागों को तय समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूरा करने और उद्योगों से जुड़े मुद्दों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित