रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज शिकायत के त्वरित निराकरण के बाद जशपुर जिले की 65 प्रतिशत दिव्यांग युवती चांदनी यादव को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मिल गया है।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत घरजियाबथान निवासी योगेश यादव ने अपनी दिव्यांग पुत्री चांदनी यादव को पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद जनपद पंचायत पत्थलगांव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी कार्यालय ने मामले की जांच कराई। पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदन और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए गए। जांच में चांदनी यादव को योजना के लिए पात्र पाया गया, जिसके बाद उनकी दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी गई। अब उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत नियमित पेंशन मिलेगी।
श्री यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद साबित हो रही है। उन्होंने समय पर पेंशन स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सप्ताह के सातों दिन चौबीसों घंटे संचालित होती है। नागरिक इस माध्यम से शिकायतों के साथ सुझाव और फीडबैक भी दर्ज करा सकते हैं। हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है।
सरकार के मुताबिक हेल्पलाइन से राज्य के 42 विभागों के लगभग आठ हजार अधिकारी जुड़े हैं तथा 1195 श्रेणियों की शिकायतों के निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की व्यवस्था है। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाती है, जिससे आवेदक उसकी ऑनलाइन स्थिति देख सकता है। यदि आवेदक समाधान से संतुष्ट नहीं होता तो शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण के लिए भेज दी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित