रायपुर , अक्टूबर 18 -- छत्तीसगढ़ में 22 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी 18 मैचों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।

जियोहॉटस्टार को लीग का आधिकारिक प्रसारण साझेदार बनाया गया है। इसके माध्यम से राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग देश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसमें प्रदेश के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जबकि खिताबी मुकाबला एक नवंबर को खेला जाएगा।

लीग में भारतीय हॉकी के कई अनुभवी खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का नेतृत्व करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने आज बताया कि इस लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार पर मैचों के सीधे प्रसारण से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी तथा रायपुर के मैदान से प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन दुनिया भर के दर्शक देख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मैच प्रतिदिन शाम साढ़े पांच बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रसारित किए जाएंगे। इससे प्रदेश के साथ देशभर के हॉकी प्रेमी प्रतियोगिता से जुड़ सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि 'चलो रे संगी हॉकी खेलबो' के संदेश के साथ आयोजित इस लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में हॉकी की लोकप्रियता बढ़ाना, उभरते खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करना और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित