रायपुर , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर तिरंगा फहराने वाली पर्वतारोही अमिता श्रीवास का मंगलवार को कंपनी मुख्यालय में सम्मान किया।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने अमिता श्रीवास को स्मृति चिह्न एवं पौधा भेंट कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि, साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। इस अवसर पर अमिता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश के लिए आभार व्यक्त किया।

श्री कटियार ने कहा कि कंपनी प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जांजगीर-चांपा कलेक्टर की अनुशंसा पर कंपनी ने अमिता श्रीवास के माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई थी।

अमिता ने कहा कि वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद माउंट एवरेस्ट फतह करने का सपना पूरा किया। उन्होंने कहा कि कंपनी की आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन से उनका मनोबल बढ़ा, जिससे अभियान सफलतापूर्वक पूरा करने में मदद मिली।

समारोह में कार्यपालक निदेशक एम.एस. कंवर, सी.एल. नेताम, संदीप मोदी, मुख्य अभियंता संजीव शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित