रायपुर , फरवरी 24 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक लाख 72 हजार करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट प्रस्तुत किया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा आज विधानसभा में पेश किए गए इस बजट की थीम 'संकल्प' रखी गई है। बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेसवार्ता में इसे राज्य के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का यह तीसरा बजट है, जो पूर्व की 'ज्ञान' और 'गति' थीम के बाद अब 'संकल्प' पर आधारित है। उन्होंने बताया कि 'संकल्प' के तहत सात प्रमुख आयामों को केंद्र में रखा गया है-समावेशी विकास, अधोसंरचना विस्तार, निवेश प्रोत्साहन, कुशल मानव संसाधन निर्माण, अंत्योदय, आजीविका सशक्तिकरण और नीति से परिणाम तक प्रभावी क्रियान्वयन।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट का प्रारूप देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'विकसित भारत' की अवधारणा और राज्य के 'विकसित छत्तीसगढ़' विजन के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ठोस परिणामों के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है।
इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने पांच विशेष 'मुख्यमंत्री मिशन' प्रारंभ किए हैं। इनमें अधोसंरचना मिशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन, पर्यटन विकास मिशन, स्टार्टअप मिशन और खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार इन पहलों के माध्यम से प्रदेश में निवेश, रोजगार, नवाचार और प्रतिभा विकास को नई दिशा मिलेगी।
सरकार का दावा है कि यह बजट प्रदेश की आर्थिक गति को तेज करने, सामाजिक संतुलन बनाए रखने और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित