रायपुर , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के दल ने विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय परंपराओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं को सदन में अभिव्यक्त करने की सतत प्रक्रिया है। विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होती है और जनता के कल्याण के लिए नीतियां तथा कानून बनाए जाते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक रिकेश सेन भी मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा से प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर चर्चा और संसदीय प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। साथ ही विधानसभा भवन की संरचना, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।
विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर उनके लिए अविस्मरणीय रहा। उनका कहना था कि इस भ्रमण से लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों की भूमिका के प्रति उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित