रायपुर , जुलाई 12 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होगा और 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र के दौरान सदन की कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सरकार ने इस सत्र में आठ विधेयक प्रस्तुत करने की तैयारी की है।

विधानसभा सचिवालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच दिवसीय सत्र के लिए सदस्यों की ओर से कुल 1033 सवाल लगाए गए हैं। इन प्रश्नों के माध्यम से विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। सत्र के दौरान नकटी प्रकरण, किसानों की समस्याओं सहित कई समसामयिक और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

विपक्ष ने इन विषयों को प्रमुखता से सदन में उठाने की रणनीति बनाई है। वहीं सत्तापक्ष के विधायकों ने भी विभिन्न विभागों से जुड़े अनेक प्रश्न लगाए हैं। इससे संकेत मिलता है कि सत्ता और विपक्ष दोनों ही जनहित के मुद्दों पर सरकार का पक्ष और जवाब सदन में सामने लाने का प्रयास करेंगे।

प्रश्नकाल के अलावा विधायक ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जरिए भी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को सदन में उठाएंगे। ऐसे में पांच दिनों तक चलने वाले इस मानसून सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े अनेक अहम मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा, प्रश्नोत्तर तथा बहस होने के आसार हैं।

उल्लेखनीय है कि सात जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस में शिष्टाचार भेंट की थी। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई थी। जानकारी के अनुसार, इस दौरान आगामी विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियों तथा सदन के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित