रायपुर , फरवरी 23 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से प्रारंभ हो रहा है, जो 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं।

सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी।

अभिभाषण के उपरांत कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण एवं कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को सदन में चर्चा निर्धारित है। सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के दिवंगत विधायक दीनदयाल पोर्ते को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी। इसके उपरांत नौ से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी और 18 मार्च को इसे पारित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस बजट सत्र में सरकार की नीतियों, योजनाओं और आगामी वित्तीय प्राथमिकताओं पर व्यापक चर्चा की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित