रायपुर , फरवरी 22 -- इंडियन नेशनल कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने तीन विधायकों को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने विधायक लखेश्वर बघेल, विधायक दलेश्वर साहू और विधायक दिलीप लहरिया को क्रमशः उप नेता, मुख्य सचेतक और उप सचेतक के पदों पर नियुक्त किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने तीनों विधायकों को इन जिम्मेदारियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय से रविवार मिली जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायी दल में की गई इन नई नियुक्तियों का सहर्ष स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का आभार व्यक्त किया है। डॉ. महंत ने इसे पार्टी नेतृत्व का विश्वास बताते हुए आभार प्रकट किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित