रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में इस वर्ष स्कूल शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, तकनीकी नवाचारों और प्रदेश की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जायेगा। विभागीय स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी जायेगी।

आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में शिक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण तथा व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया है।

विभागीय स्टॉल में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित आधारित शिक्षा के साथ अटल टिंकरिंग लैब तथा कंपोजिट लैब की गतिविधियों का प्रदर्शन किया जायेगा। इन पहलों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी जायेगी। इसके अतिरिक्त डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास, मुस्कान पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाने की दिशा में किये जा रहे कार्यों को रेखांकित किया जायेगा।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की उपलब्धियों, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार संबंधी गतिविधियों को भी विशेष स्थान दिया गया है। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी।

प्रदर्शनी में समावेशी शिक्षा के साथ एनसीसी, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस की गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने के लिए संचालित कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया जायेगा।

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्योत्सव में लगायी जा रही इस स्टॉल का उद्देश्य आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों तथा नई शैक्षणिक सुविधाओं से परिचित कराना है। प्रदर्शनी के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों के विस्तार, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को लेकर किये जा रहे प्रयासों की जानकारी मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित