रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के दूसरे दिन सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में लोककला, शास्त्रीय नृत्य, नाट्य मंचन और संगीत की विविध प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। सांस्कृतिक समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तीन दिवसीय राज्योत्सव के दूसरे दिन मुख्य मंच पर शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। समारोह में विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्य मंच पर शाम छह से सात बजे तक विशेष नाट्य प्रस्तुति 'मैं अयोध्या हूं' का मंचन किया जाएगा। इसके माध्यम से अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद शाम सात से आठ बजे तक छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे। रात आठ बजे से प्रसिद्ध पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल के गीतों की प्रस्तुति होगी।

राज्योत्सव के अंतर्गत शिल्पग्राम में भी सोमवार को दोपहर तीन बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां कुल 11 प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं के साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संगीत की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

शिल्पग्राम में प्रसन्ना अवस्थी लोकसंगीत एवं नृत्य, सुष्मिता दास ओडिसी नृत्य और दुर्ग की समप्रिया पूजा निषाद पंडवानी गायन की प्रस्तुति देंगी। वहीं, बिलासपुर के अंकित निर्मलकर सूफी, गजल एवं सुगम गायन तथा गरियाबंद की मिलवंतीन बाई पारंपरिक सुआ नृत्य प्रस्तुत करेंगी। रायपुर की मेघा बोस ताम्रकार लोकसंगीत के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाएंगी।

इसके अतिरिक्त आंचल पाण्डेय और विनीता त्रिपाठी कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। धमतरी की रुखमनी दीवान तथा तेजराम साहू लोकमंच की प्रस्तुति देंगे, जबकि आदित्य मिश्रा बैंड के माध्यम से संगीत की प्रस्तुति देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित