बिलासपुर , मई 26 -- छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पार्टी संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, श्री सिन्हा बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026" में शामिल होने पहुंचे थे। सोमवार से शुरू हुए जिला प्रशिक्षण वर्ग के समापन के दौरान आज उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे। घटना के बाद परिजन उनका शव सिम्स अस्पताल से रायपुर लेकर रवाना हो गए।
श्री सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और सामाजिक तथा योग गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पार्टी संगठन में उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि "रूपनारायण सिन्हा ने भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर लंबे समय तक जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।" उन्होंने इसे पार्टी के लिए "अपूरणीय क्षति" बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित