रायपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ में रबी सीजन 2025 के अंतर्गत उद्यानिकी फसलों के लंबित बीमा दावों का भुगतान आगामी तीन कार्य दिवस के भीतर किया जाएगा।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को विभागीय और बीमा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। इससे प्रदेश के 8,444 किसानों को लगभग तीन करोड़ 80 लाख रुपये की बीमा राशि मिलेगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कृषि मंत्री ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय एवं बीमा अधिकारियों की बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत बीमा दावों की राशि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र किसानों के बैंक खातों में अंतरित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि 15 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिद्दों के भ्रमण के दौरान किसानों ने नेताम से उद्यानिकी फसलों के बीमा दावों का भुगतान लंबित होने की शिकायत की थी। किसानों की समस्या पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने अगले ही दिन अधिकारियों की बैठक बुलाकर भुगतान की स्थिति की जानकारी ली।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन 2025 में टमाटर, बैंगन, गोभी, प्याज और आलू सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों के बीमा के लिए प्रदेश के 10,514 किसानों ने कुल 15,298 आवेदन प्रस्तुत किए थे। परीक्षण के बाद 8,444 किसानों के 14,344 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन प्रकरणों में लगभग 3.8 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित