रायपुर , मई 03 -- समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार को रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर के सत्संग भवन में प्रदेश स्तरीय सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में 71 ब्राह्मण बटुकों का विधिवत यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न होगा।
आयोजन के संबंध में परिषद् के मुख्य सलाहकार एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. भावेश शुक्ला "पराशर" ने बताया कि उपनयन संस्कार से पूर्व पारंपरिक वैदिक विधियों के अनुसार तेलमाटी, मंडपाच्छादन, मातृका पूजन और हरिद्रालेपन जैसे अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इसके पश्चात बटुकों का मुंडन संस्कार कर उन्हें यज्ञोपवीत धारण कराया जाएगा।
संस्कार के दौरान विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में बटुकों को गायत्री मंत्र की दीक्षा दी जाएगी। साथ ही उन्हें वैदिक जीवनशैली, धार्मिक कर्तव्यों और सांस्कृतिक मूल्यों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में भिक्षा-वृत्ति की परंपरा का प्रतीकात्मक निर्वहन कराया जाएगा, जो ब्राह्मण जीवन में अनुशासन और विनम्रता का प्रतीक माना जाता है।
परिषद् के प्रदेश सचिव पंडित सजल तिवारी के अनुसार, इस प्रकार के सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन पूर्व में भी किया जा चुका है, जिसमें बड़ी संख्या में बटुकों ने भाग लिया था। इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से ब्राह्मण परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। आयोजन का उद्देश्य वैदिक परंपराओं का संरक्षण एवं नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित