रायपुर , जुलाई 28 -- बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक मौसम के प्रतिकूल बने रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस बीच प्रदेश में बारिश से जुड़े हादसों का सिलसिला भी जारी है।

दुर्ग जिले में अलग-अलग डूबने की घटनाओं में तीन युवाओं की मौत हो गई। वहीं सारंगढ़-बरमकेला जिले में लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का 36 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के अनेक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक मानसून के दौरान हुई कुल बारिश सामान्य से 21 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस भी पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित