रायपुर , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ में फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर ही हल्की बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के बाद 19 सितंबर से प्रदेश में वर्षा का दायरा और तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण 18 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम उत्तर अंडमान सागर में कम दवाब का क्षेत्र बनने का अनुमान है। इसके बाद यह प्रणाली अगले तीन-चार दिन में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र तट की ओर जा सकता है।

इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी की मात्रा बढ़ने और बारिश गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 18 सितंबर को प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 19 सितंबर से बारिश का क्षेत्र और तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।

बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान में पांच-छह डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक जून से अब तक प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से पांच प्रतिशत कम दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में पेंड्रा रोड, साल्हेवारा और चांपा में सर्वाधिक 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कुनकुरी, रामानुजगंज, रेंगाखार कला और रघुनाथ नगर में 10-10 मिमी बारिश हुई।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित