रायपुर , जुलाई 16 -- छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत जशपुर वन विभाग द्वारा शुरू किए गए 'ट्री एटीएम' का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बगिया हेलीपैड परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि यह मोबाइल ट्री एटीएम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा, जिससे पौधरोपण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी मजबूत होगी।
श्री साय ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और ऐसी पहल से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लोगों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। उन्होंने जशपुर वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से देशभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता आई है। इसी अभियान से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करे, इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने की अपील की।
वन विभाग की इस पहल को "आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव" संदेश के साथ शुरू किया गया है। ट्री एटीएम के माध्यम से न केवल निःशुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा बल्कि पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि, पौधों की देखभाल और संरक्षण संबंधी जानकारी भी दी जाएगी ताकि लगाए गए पौधों के जीवित रहने की दर बढ़ाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित