रायपुर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ की राजनीति में कथित सट्टा सिंडिकेट से जुड़े फोटो वायरल होने के बाद नया सियासी घमासान हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस . सिंहदेव के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तीखी बयानबाजी देखने को मिली।

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब श्री बघेल ने सोशल मीडिया पर एक कथित सट्टा कारोबारी की तस्वीर श्री चौधरी के साथ साझा करते हुए लिखा, "आरएसएस का सट्टा स्वयंसेवक करण चौधरी वित्त मंत्री के बेहद करीबी हैं और उनके साथ खाते-खिलाते तथा छत्तीसगढ़ संवारते नजर आ रहे हैं।"इसके जवाब में श्री चौधरी ने श्री सिंहदेव के साथ आरोपी की तस्वीर पोस्ट करते हुए पलटवार किया। उन्होंने लिखा, "भूपेश जी, टी.एस. बाबा वाली फोटो में तो आरोपी उनके बेडरूम तक दिख रहा है।"इसके बाद श्री सिंहदेव ने सार्वजनिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना किसी कारण केवल राजनीतिक जवाब देने के लिए उनका नाम इस विवाद में घसीटना "दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह अनावश्यक" है।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब श्री चौधरी ने एक और पोस्ट में लिखा कि "टीएस सिंहदेव एक अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन गलत संगत में पड़ गए।" उन्होंने पुराने राजनीतिक समीकरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी श्री बघेल और श्री सिंहदेव की "जय-वीरू" की जोड़ी मानी जाती थी। उन्होंने लिखा, "अगर वीरू जबरन किसी पर बाल्टी भर कीचड़ उछालेगा, तो संभावना तो बनती ही है कि जय पर भी कुछ छींटें पड़ जाएं।"सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच भी इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित