जगदलपुर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस के वीर जवानों का अविस्मरणीय योगदान रहा है। विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में श्री कश्यप ने शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की।

श्री कश्यप ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में शांति स्थापित करने के लिए पुलिस के जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित