रायपुर , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में 20 अक्टूबर को महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजधानी रायपुर में ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरुद ब्रॉड गेज लाइन का उद्घाटन होगा। इसके साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और रावघाट, रायपुर तथा रायपुर-कुरुद ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और संबोधित करेंगे।
रेलवे ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन दो स्थानों पर किया जाएगा। मुख्य समारोह रायपुर रेलवे स्टेशन पर होगा, जबकि दूसरा कार्यक्रम रावघाट रेलवे स्टेशन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर एक बजे शुरू होगा। रेलवे प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन के शुरू होने से बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को विस्तार मिलने की उम्मीद है। इस रेल मार्ग से रावघाट क्षेत्र के लोगों को राजधानी रायपुर और अन्य प्रमुख शहरों से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्र में रेल संपर्क के विस्तार की प्रतीक्षा की जा रही थी।
इसी तरह, अभनपुर-कुरुद ब्रॉड गेज लाइन के चालू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच यात्री परिवहन और माल ढुलाई को सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों की बाजारों तक पहुंच और रोजगार संबंधी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रायपुर में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी के निर्माण से इलेक्ट्रिक इंजनों की मरम्मत और रखरखाव के लिए आधुनिक सुविधा विकसित होगी। इससे तकनीकी क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है।
कार्यक्रम में सांसद राजीव शुक्ला, सांसद रंजीत रंजन, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद विजय बघेल, सांसद भोजराज नाग और सांसद रूप कुमारी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित