रायपुर , जुलाई 08 -- छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को राज्य में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने तथा लंबित परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के लिए कहा।
मंत्रालय में आज आयोजित समीक्षा बैठक में विभाग के सेतु परिक्षेत्र तथा दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे, बिलासपुर के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय भी उपस्थित थे।
श्री बंसल ने कहा कि निर्माणाधीन आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके तथा माल परिवहन भी अधिक सुगम और तेज हो सके।
उन्होंने नए प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने, कार्यस्थलों से अतिक्रमण हटाने, भूमि व्यपवर्तन, नामांतरण, भू-अर्जन तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
सचिव ने विभाग और रेलवे के अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार संयुक्त निरीक्षण कर प्राक्कलन, आरेखण एवं रूपरेखा संबंधी कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने सभी आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक तीन माह में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति का आकलन एवं लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, अधीक्षण अभियंता डी.के. माहेश्वरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य अभियंता मनोज कुमार सिंह, सीपीएम-बिलासपुर राजीव कुमार तथा सीपीएम-रायपुर तत्वदर्शी साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित