रायगढ़/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही , फरवरी 26 -- छत्तीसगढ़ में यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर भारी पड़ गई। बीती रात दो अलग-अलग जिलों में पिकअप वाहनों के हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। रायगढ़ जिले में सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप खाई में जा गिरी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बारातियों से भरी पिकअप के पलटने से करीब 35 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रायगढ़ जिले के कापू-धरमजयगढ़ मार्ग पर बुधवार रात लगभग आठ बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, बंगुरसूता गांव के ग्रामीण कंवर समाज के एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गोसाईपोढ़ी गए थे। समारोह के बाद सभी एक ही पिकअप वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। विजयघाट के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को कापू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

इस हादसे में बंगुरसूता निवासी 60 वर्षीय काला राम राठिया और 60 वर्षीय छतर सिंह राठिया की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां भरी गई थीं।

इसी रात गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के धरहर गांव के पास भी एक बड़ा हादसा हुआ। शादी समारोह में जा रहे 40 से अधिक बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर तीन बार पलटती हुई खेत में जा घुसी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उसके नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। हादसे में करीब 35 लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल एवं मरवाही अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने बताया कि 22 घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें चार की हालत अत्यंत गंभीर है। दो लोगों को मस्तिष्क में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो के जबड़े और गर्दन में फ्रैक्चर हुआ है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित