रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करना महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने बस किराये की दरों में वृद्धि करते हुए साधारण बसों का किराया एक रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर एक रुपये 75 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया है। परिवहन विभाग की ओर से बुधवार को जारी नई अधिसूचना के बाद प्रदेश में छोटी और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।परिवहन विभाग ने आठ अक्टूबर को बस किराये की संशोधित दरों की अधिसूचना जारी की थी। इसके अनुसार साधारण बसों में शुरुआती पांच किलोमीटर का न्यूनतम किराया भी आठ रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये निर्धारित किया गया है। किराये में वृद्धि का असर विशेष रूप से उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो रोजगार, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नियमित रूप से बसों पर निर्भर हैं।

संशोधित किराये के अनुसार रायपुर से बिलासपुर की यात्रा के लिए अब यात्रियों को 133 रुपये के स्थान पर 228 रुपये चुकाने होंगे। इस मार्ग पर किराये में 95 रुपये की वृद्धि हुई है। इसी तरह रायपुर से जगदलपुर का किराया 300 रुपये से बढ़कर 521 रुपये हो गया है। इस मार्ग पर यात्रियों को 221 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।

इसके अलावा रायपुर से अंबिकापुर की यात्रा 230 रुपये और रायपुर से जशपुर की यात्रा 346 रुपये महंगी हो गई है। किराये में यह वृद्धि केवल साधारण यात्री बसों तक सीमित नहीं है। डीलक्स, लग्जरी और वातानुकूलित शयनयान बसों के किराये में भी इसी अनुपात में बढ़ोतरी की गई है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में एक वर्ष के भीतर बस किराये में यह दूसरी बार बदलाव किया गया है। इससे पहले राज्य सरकार ने प्रति किलोमीटर किराया 1 रुपये 25 पैसे से घटाकर एक रुपये किया था। उस निर्णय से यात्रियों को राहत मिली थी, लेकिन अब नई दरों के लागू होने से यात्रा व्यय में उल्लेखनीय वृद्धि हो गई है।

बताया गया है कि बस संचालक लंबे समय से यात्री किराये में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। संचालकों का तर्क था कि डीजल की कीमतों के साथ टायर, कलपुर्जों और वाहनों के रखरखाव पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पुरानी किराया दरों पर बसों का संचालन आर्थिक रूप से कठिन हो गया था।

बस संचालकों ने किराये में संशोधन नहीं किए जाने की स्थिति में बसों का संचालन बंद करने और हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद परिवहन विभाग ने आठ अक्टूबर को संशोधित किराया दरों की अधिसूचना जारी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित