रायपुर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई जिलों में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। टर्फ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, रायगढ़ और बिलासपुर समेत कई क्षेत्रों में तेज गरज के साथ बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ।
रायपुर में सुबह करीब आठ बजे के बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगातार चल रही ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
बलौदाबाजार जिले में देर रात आए तेज आंधी-तूफान का असर सुबह तक देखने को मिला। जिला मुख्यालय के कई मार्गों पर बड़े पेड़ गिर जाने से यातायात प्रभावित हुआ। नगर पालिका की टीम सड़कों से पेड़ हटाने और रास्ता बहाल करने में जुटी रही। वहीं कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
महासमुंद जिले में देर रात शुरू हुई तेज हवाओं और बारिश के कारण विद्युत व्यवस्था प्रभावित रही। पिथौरा क्षेत्र में सुबह से रुक-रुक कर तेज बारिश और गरज के साथ छींटे का दौर जारी रहा, जिससे गांवों की गलियों में पानी भर गया।
रायगढ़ जिले में भी सुबह से बादल छाए रहे और बाद में तेज बारिश शुरू हुई। बारिश के बाद मौसम में ठंडक आयी और लोगों को गर्मी से राहत मिली। धमतरी में भी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी।
उधर बिलासपुर में सुबह अंधड़ और बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ घंटों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित